
नैनीताल, सूवि। 25 नवंबर, 2025
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि 26 नवंबर, 2025 को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उन्हें यादगार बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। साथ ही विभिन्न विभागीय अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाते हुए आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संविधान दिवस पर जनपद में आयोजित सभी गतिविधियों का डॉक्यूमेंटेशन, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराकर सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार को समय पर भेजा जा सके।
डीएम ने नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी खंड विकास अधिकारी पंचायतों व ग्रामों में सामूहिक प्रस्तावना वाचन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम कराएं।
जनपद के विद्यालयों और कॉलेजों में संविधान पर विशेष सभाएं, कला एवं सुलेख प्रदर्शनियां भी आयोजित होंगी।
इसके अलावा स्कूलों, पंचायत भवनों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर संविधान की प्रस्तावना का वॉल आर्ट बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।







