
हल्द्वानी, 20 जनवरी 2026 (सू.वि.)
कुमाऊं मंडल के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की यात्राओं को सरल, सुखद व सुरक्षित बनाने के लिए मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी जिलाधिकारियों और एसएसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में कैंची धाम, मां गर्जिया देवी, जागेश्वर धाम, मां पूर्णागिरी, हाट कालिका, बागनाथ सहित प्रमुख स्थलों पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने कहा कि दर्शनार्थियों की निरंतर बढ़ती संख्या को देखते हुए क्षमता आधारित प्रवेश, चरणबद्ध व्यवस्था और रियल-टाइम मॉनिटरिंग अनिवार्य की जाए। सीसीटीवी की संख्या बढ़ाने, हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे, मजबूत बैरिकेटिंग, पार्किंग प्रबंधन, दिशा-पट्टिकरण, पैदल मार्गों की सुगमता और प्राथमिक चिकित्सा जैसी शॉर्ट-टर्म व्यवस्थाएं तय समय में पूर्ण हों।
भविष्य की स्थायी व्यवस्थाओं के लिए 15 दिन के भीतर लॉन्ग-टर्म परियोजना प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए, जिनमें यातायात सुधार, पार्किंग विस्तार, सड़क चौड़ीकरण, आपदा सुरक्षा उपकरण, तकनीकी एकीकरण और इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम शामिल हों।
इसके साथ ही एआई आधारित हेड-काउंट व घनत्व निगरानी, IoT सेंसर, डिजिटल सर्विलांस, आपातकालीन निकासी मार्ग, अग्नि व विद्युत सुरक्षा ऑडिट और SDRF/अग्निशमन के साथ समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने आपात स्थितियों के लिए क्रेन, जेसीबी व अन्य यांत्रिक संसाधनों की अग्रिम उपलब्धता सुनिश्चित करने और कैंची धाम में भीड़ नियंत्रण हेतु हल्द्वानी से शटल सेवा व पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए।
वीसी में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, डीएम चंपावत मनीष कुमार, डीएम अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने क्रमशः कैंची धाम/गर्जिया देवी, मां पूर्णागिरी, जागेश्वर धाम से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, बागेश्वर सहित सभी जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







