काठगोदाम के नरीमन तिराहे से गौला पुल तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य में हो रही देरी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की मदद से पक्के अतिक्रमण ध्वस्त किए।
प्रशासन की यह कार्रवाई लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उद्देश्य से की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य भी समानांतर रूप से जारी है, जिससे भविष्य में यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु और सुरक्षित हो सके।
इस दौरान उपजिलाधिकारी राहुल शाह सहित प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







