गणतंत्र दिवस तक जिले में विशेष अभियान शुरू, सड़कों को गड्ढामुक्त व व्यापक स्वच्छता पर जोर

SHARE:

राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद नैनीताल में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी तक नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित परिवेश के निर्माण हेतु आज से एक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित विभागों को आवश्यक आदेश जारी करते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक मार्गों पर मौजूद गड्ढों की पहचान कर त्वरित मरम्मत सुनिश्चित की जाएगी। विशेष रूप से विद्यालयों, अस्पतालों, बाजारों, बस अड्डों एवं आबादी से जुड़े मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा।
जन-सहभागिता से स्वच्छता अभियान अभियान के दौरान सड़क किनारे, नालियों, सार्वजनिक स्थलों, आबादी के प्रवेश बिंदुओं तथा बसासतों के अंतिम छोर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में नेतृत्व शहरी निकाय क्षेत्रों—नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत—में नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारी स्वयं नेतृत्व करते हुए अभियान का संचालन करेंगे और आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था (ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत) के निर्वाचित प्रतिनिधि एवं अधिकारी सक्रिय सहभागिता करेंगे। विशेष रूप से सड़क किनारे, आबादी के आरंभिक बिंदुओं तथा बसासतों के अंतिम छोर पर सफाई एवं सुधार कार्य किए जाएंगे।
निगरानी व अनुश्रवण जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, सभी उप जिलाधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि वे अभियान का व्यक्तिगत संज्ञान लेते हुए क्षेत्रवार निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल औपचारिकता न होकर जन-संवेदना एवं जन-उत्तरदायित्व का उदाहरण बने। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे बढ़-चढ़कर भाग लें, स्वच्छता बनाए रखें, प्रशासन का सहयोग करें और गणतंत्र दिवस को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गरिमामय वातावरण में मनाने में सहभागी बनें।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *