
नैनीताल। आमजन की सुरक्षा, सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस द्वारा तड़के आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस मुख्यालय देहरादून से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में नैनीताल सर्किल तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में हल्द्वानी सर्किल के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में बस स्टेशनों, थाना क्षेत्र के बैरियरों, राष्ट्रीय राजमार्गों, लिंक मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा अंतरराज्यीय व अंतर्जनपदीय बैरियरों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की तलाशी लेते हुए मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों, प्रतिबंधित वस्तुओं एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
अभियान के दौरान सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर चेकिंग अभियान को लीड किया गया।
नैनीताल पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियानों के दौरान आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना नजदीकी पुलिस थाने, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा डायल 112 पर देने की अपील की गई है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







