
दिनांक 12.02.2026 की प्रातः पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि हल्द्वानी बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक एवं एक युवती के शव पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य संकलन किया गया।
प्रथम दृष्टया मामला पत्थर से कुचलकर हत्या का प्रतीत हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. मंजुनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और सभी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन कर विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।
मृतकों की पहचान
दस्तावेजों एवं परिजनों से संपर्क के बाद मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई—
शुभम टम्टा, पुत्र किशोरी लाल टम्टा, निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा
लक्ष्मी पोखरिया, पुत्री श्री हेमचन्द्र पोखरिया, निवासी ग्राम मल्ली पोखरी, ओखलकांडा, नैनीताल
मृतका के परिजन सुरेश चन्द्र पोखरिया की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 52/2026, धारा 103(1) BNS के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
04 अभियुक्त 06 घंटे में गिरफ्तार
डॉ. जगदीश चन्द्र एवं मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस एवं सुरागरसी-पतारसी के आधार पर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
आरोपियों ने बताया कि सभी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उन्होंने लक्ष्मी के साथ छेड़खानी की, जिसका शुभम व लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले शुभम की हत्या की और फिर घटना छिपाने के उद्देश्य से लक्ष्मी की भी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए गए।
गिरफ्तार अभियुक्त
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष)
सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20 वर्ष)
दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20 वर्ष)
दीपेश लटवाल उर्फ राज (25 वर्ष)
बरामदगी
हत्या में प्रयुक्त पत्थर
मोबाइल फोन
खून से सने कपड़े
आपराधिक इतिहास
मुख्य अभियुक्त गौरव नेगी के विरुद्ध पूर्व में 11 मुकदमे दर्ज हैं।
अभियुक्त दीपेश लटवाल के विरुद्ध थाना मुखानी में 03 अभियोग दर्ज हैं।
SSP का सख्त संदेश
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को ₹2500 नकद पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए कहा कि—
“जघन्य अपराध करने वालों की समाज में कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस टीम
कोतवाली हल्द्वानी, थाना मुखानी, काठगोदाम एवं अन्य इकाइयों की संयुक्त टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का सफल खुलासा किया।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







