
हल्द्वानी के पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध व्यक्ति की मृत्यु के मामले को जिलाधिकारी ने अत्यंत गंभीरता से लिया है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत घटना की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं विधिसम्मत मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। इस क्रम में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. वाजपेयी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जांच के मुख्य बिंदु
जांच अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि—
दुर्घटना के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जाए।
किसी भी पक्ष की लापरवाही या यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच की जाए।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु संस्तुतियाँ प्रस्तुत की जाएँ।
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को 15 दिवस के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जांच के लिए CCTV फुटेज, पंचनामा रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित सभी साक्ष्य तत्काल उपलब्ध कराएँ।
आम जनता से अपील
मजिस्ट्रेटी जांच के क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने आम जनता से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी या साक्ष्य वे 15 दिनों के भीतर किसी भी कार्य दिवस में उनके कार्यालय में उपलब्ध करा सकते हैं।
स्थलीय निरीक्षण और निर्देश
दुर्घटना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने ट्रैफिक पुलिस, कार्यदाई संस्था UUSDA एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पंचक्की से चौफला एवं दो नहरिया क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदाई संस्था के अधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों से कार्यों की जानकारी ली गई।
उन्होंने निर्देश दिए कि—
कार्यों के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए ट्रेंचलेस कार्य अपनाया जाए।
जहाँ भी गड्ढे बनाए जाएँ, वहाँ यातायात संचालन हेतु सड़क को चौड़ा किया जाए।
आवश्यकता अनुसार फुटपाथ/रैंप अस्थायी रूप से हटाकर कार्य पूर्ण होने पर पूर्व स्थिति बहाल की जाए।
सभी कार्यों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान UUSDA परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विजय जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







