
आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर आज रामनगर क्षेत्र के खताड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक फुटकर एवं डिस्ट्रीब्यूटर स्तर के खाद्य प्रतिष्ठानों—फल, मिठाई, खजला, सेवई एवं खजूर—का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान स्वामियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही विक्रय करने, बिना बिल के खाद्य सामग्री क्रय न करने, स्टॉक का अद्यतन विवरण रखने, कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य सामग्री का विक्रय व भंडारण न करने, तथा प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई एवं कीट नियंत्रण हेतु दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान एक थोक विक्रेता से संदेह के आधार पर खजूर का एक सैम्पल गुणवत्ता जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों—होली एवं रमजान—को दृष्टिगत रखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी स्थिति में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विभाग द्वारा सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, खताड़ी क्षेत्र में बिरयानी, फल एवं खजूर की तीन दुकानों के निरीक्षण के दौरान लाइसेंस प्रस्तुत न कर पाने पर संबंधित दुकानदारों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में लाइसेंस प्रस्तुत न करने की स्थिति में एफएसएस एक्ट, 2006 की धारा 31(2) के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त के निर्देशानुसार जनपद में संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन निरीक्षण एवं कार्रवाई कर रही हैं। इन कार्यवाहियों की रिपोर्ट नियमित रूप से आयुक्त कार्यालय को प्रेषित की जा रही है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







