HPV वैक्सीन से सुरक्षित भविष्य: हल्द्वानी से जुड़ा राष्ट्रीय अभियान

SHARE:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में स्थापित HPV टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा टीकाकरण के लिए आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें इस टीके के लाभों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि यह अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर प्रधानमंत्री ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नारी सम्मान और सुरक्षा उनके लिए केवल नारा नहीं, बल्कि अटल संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर आज मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में देश में इसके 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं की दुःखद मृत्यु हुई। इसी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर HPV टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिससे आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य मिल सके।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख किशोरियों को निःशुल्क HPV वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है तथा कोल्ड-चेन व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में स्वास्थ्य सेवाओं में बीते वर्षों में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। पहले जहां 387 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 819 हो गई है। पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स की स्थापना कर मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती दी गई है।
उन्होंने बताया कि विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आयुष्मान भारत के माध्यम से करोड़ों परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। वर्तमान में पाँच मेडिकल कॉलेज संचालित हो चुके हैं तथा दो अन्य निर्माणाधीन हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू की गई हैं। हल्द्वानी में राज्य के प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण भी प्रगति पर है। साथ ही हेली एंबुलेंस सेवा, निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, टेलीमेडिसिन और अस्पतालों के आधुनिकीकरण जैसे कदम लगातार उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आएं और अपनी बेटियों का HPV टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका उनके स्वस्थ जीवन का सुरक्षा कवच है। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई