महिला दिवस पर नैनीताल पुलिस का “कोशिश – एक नई आशा” अभियान, एसएसपी ने सभी थानों को दिए विशेष निर्देश

SHARE:

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लंबित महिला शिकायतों के त्वरित निस्तारण और जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश

हल्द्वानी। जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर Dr. Manjunath T.C. ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। शनिवार को बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों, महिला हेल्पलाइन प्रभारी और संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 8 मार्च को मनाए जाने वाले International Women’s Day के अवसर पर जनपद के सभी थानों में “थाना दिवस – कोशिश : एक नई आशा” अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो में तीन माह से अधिक समय से लंबित शिकायतों से जुड़े पक्षकारों को थाने बुलाकर समाधान का प्रयास किया जाए। साथ ही महिला उत्पीड़न रजिस्टर और महिला शिकायत रजिस्टर की समीक्षा कर 1 वर्ष, 6 माह और 3 माह से अधिक समय से लंबित मामलों की अलग-अलग सूची तैयार कर उनका निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा भविष्य में महिलाओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के भी निर्देश दिए गए। महिला दिवस के दिन सभी थानों में महिला पुलिसकर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी और प्रत्येक थाने में महिला उपनिरीक्षक या अपर उपनिरीक्षक को दिवस अधिकारी बनाया जाएगा।
पुलिस द्वारा महिला समूहों, स्वयं सहायता समूहों और मंगल दल के साथ गोष्ठी व जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय, महिला समाधान केंद्र के सदस्य तथा जनपद के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *