
जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुँचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 मार्च 2026 को रात्रि करीब 10:25 बजे बेस अस्पताल के समीप एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक (UK 04 AN 5778) ने रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक वाहन को अत्यधिक तेज गति व लापरवाही से चला रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं बाइक सवार भी दुर्घटना में चोटिल हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम (PC-01) मौके पर पहुँची और मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल बेस अस्पताल भिजवाया।
मृतक का विवरण
रिक्शा चालक नरेश सिंह (25 वर्ष), पुत्र हरीश सिंह, निवासी तारा टेंट हाउस, लाल डांठ, हल्द्वानी, को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घायल की स्थिति
बाइक सवार सूरज बिष्ट (25 वर्ष), पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट, निवासी गजर, थाना मुक्तेश्वर, की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उन्हें भी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
वर्तमान स्थिति
पुलिस द्वारा मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक व रिक्शा को सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली हल्द्वानी परिसर में खड़ा कर दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होते ही मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम (कोतवाली हल्द्वानी)
उपनिरीक्षक कृष्ण गिरी
अपर उपनिरीक्षक मंहगा राम
कांस्टेबल जगदीश भंडारी
कांस्टेबल मो. अजहर
कांस्टेबल कमलेश नौला
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







