
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य के सभी जिलों में मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कई हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड, औली और मुनस्यारी में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश और 4,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु बर्फबारी का आनंद लेते नजर आए।
अक्टूबर में ही हुई इस पहली बर्फबारी के साथ ही प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।







