नैनीताल। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और वीडियो को लेकर ज्योति अधिकारी के विरुद्ध गंभीर आरोप सामने आए हैं। उत्तराखंड की स्थानीय संस्कृति, देवी-देवताओं तथा महिलाओं के अपमान का आरोप लगाते हुए एक नागरिक द्वारा पुलिस अधीक्षक, नैनीताल को लिखित शिकायत सौंपी गई है।
शिकायत में कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित वीडियो में उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति, कुमाऊँ की महिलाओं और देवी-देवताओं के प्रति अभद्र भाषा व आपत्तिजनक कथनों का प्रयोग किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, ऐसे बयानों से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं बल्कि राज्य की महिलाओं का भी अपमान हुआ है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वीडियो में प्रयुक्त भाषा समाज में गलत संदेश फैलाने वाली है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाए और दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रशासनिक स्तर पर मामले को संज्ञान में लिए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है और वीडियो सामग्री की वैधानिक समीक्षा की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इस प्रकरण को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भी चर्चा तेज है। कई लोगों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक अस्मिता और महिलाओं के सम्मान से जुड़े विषयों पर सख्त रुख अपनाने की मांग की है।

Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







