- सोशल मीडिया वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर SIT की बड़ी कार्रवाई
देहरादून | 20 जनवरी 2026
सुखवन्त सिंह आत्महत्या प्रकरण में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच को और तेज करते हुए बड़ा कदम उठाया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर SSP उधमसिंहनगर, 03 उपनिरीक्षक एवं 01 अपर उपनिरीक्षक को पूछताछ एवं बयान दर्ज कराने हेतु नोटिस जारी किए गए हैं।
भूमि धोखाधड़ी के आरोपों की गहन जांच
SIT द्वारा मृतक से जुड़े भूमि धोखाधड़ी के आरोपों की पुष्टि के लिए रजिस्ट्रार कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं विभिन्न बैंकों को नोटिस भेजे गए हैं।
इन संस्थानों से प्राप्त होने वाले भूमि अभिलेखों एवं बैंकिंग ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड के आधार पर लेन-देन और दस्तावेजों की सत्यता की विस्तृत जांच की जाएगी।
अभिलेखों का सूक्ष्म परीक्षण, टेक्निकल सर्विलांस जारी
SIT के सदस्य एवं पुलिस अधीक्षक चंपावत, श्री अजय गणपति ने बताया कि घटनाक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों को कब्जे में लेकर उनका बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि SIT की विशेषज्ञ टीम टेक्निकल सर्विलांस के जरिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), CCTV फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी इनपुट्स का लगातार विश्लेषण कर रही है।
जांच निष्पक्ष और तथ्यात्मक: पुलिस मुख्यालय
पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड के अनुसार SIT मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक जांच कर रही है तथा सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
मीडिया सेल
पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







