
नैनीताल, संवाददाता।
आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस द्वारा जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिले के प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, पर्यटन स्थलों, सार्वजनिक स्थानों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल को सतर्क रहते हुए प्रभावी गश्त एवं चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की जा रही है, साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस द्वारा जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षा जांच में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें।
नैनीताल पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है और गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सतर्कता के साथ कार्य कर रही है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







