
रामगढ़, 30 जनवरी 2026 (सूवि)।
उत्तराखण्ड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से विकासखंड रामगढ़ की न्याय पंचायत नथुवाखान स्थित रीठापोखरा मैदान में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय जनता की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने विभिन्न जन सुविधाओं का लाभ उठाया।
शिविर के माध्यम से कुल 407 लोगों को सीधा लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान 102 विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए गए। शिविर में कुल 74 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 58 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शुक्रवार को आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनी गईं और अधिकांश समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया।
इस अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार आम जनमानस के हितों को ध्यान में रखते हुए ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पहले जहां जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब सरकार स्वयं जनता के द्वार पर पहुँच रही है और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुना। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं हो पाया, उनके निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। खाद्य विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, जल जीवन मिशन, समाज कल्याण विभाग, महिला सशक्तिकरण, सड़क, शिक्षा एवं कृषि विभाग से संबंधित समस्याएं स्थानीय लोगों द्वारा रखी गईं।
शिविर के दौरान ग्राम हरतोला निवासी प्रकाश चंद्र की तीन वर्षों से लंबित किसान निधि की समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा 45 भू-हिस्सा प्रमाण पत्र, 4 जन्म प्रमाण पत्र एवं 4 विरासत प्रमाण पत्र निर्गत किए गए।
ग्रामीण विकास विभाग की ओर से एनआरएलएम के अंतर्गत महिला समूह की 2 महिलाओं के दस्तावेज तैयार किए गए।
बाल विकास विभाग द्वारा 3 महालक्ष्मी किट वितरित की गईं तथा नंदा गौरा योजना एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी दी गई।
कौशल विकास विभाग द्वारा 5 लोगों का पंजीकरण किया गया।
खाद्य विभाग से संबंधित 50 मामलों में से 35 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
सूचना विभाग द्वारा उत्तराखण्ड सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रचार साहित्य का वितरण भी किया गया।
शिविर में ब्लॉक प्रमुख दीपक कुमार, जिला पंचायत सदस्य निधि जोशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंपा रैकवाल, गीता बिष्ट, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







