
हल्द्वानी, नैनीताल।
बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी हल्द्वानी, नैनीताल द्वारा दिनांक 29 जनवरी 2026 से प्रारंभ 30 दिवसीय रेफ्रिजरेटर एवं एसी रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन आज 03 फरवरी 2026 को कुंवरपुर, गौलापार स्थित बड़ौदा आरसेटी परिसर में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुश्री शालिनी सिंह, शाखा प्रबंधक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक दौलतपुर शाखा, बड़ौदा आरसेटी निदेशक श्री अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशिक्षक श्री नरेन्द्र सिंह पिलख्वाल, एफएलसी काउंसलर श्री सुरेश कुमार बिष्ट एवं मास्टर ट्रेनर श्री जयवीर सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस 30 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के 28 पुरुष प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिन्हें रेफ्रिजरेटर एवं एसी रिपेयरिंग से संबंधित तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
मुख्य अतिथि शाखा प्रबंधक सुश्री शालिनी सिंह ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण को पूरी तल्लीनता, अनुशासन एवं गंभीरता के साथ पूर्ण करें तथा प्राप्त तकनीकी कौशल का उपयोग कर अपना स्वरोजगार प्रारंभ करें। उन्होंने बैंक के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
इस अवसर पर बड़ौदा आरसेटी निदेशक, मास्टर ट्रेनर, प्रशिक्षक एवं एफएलसी काउंसलर ने सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण में सफलता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान आरसेटी निदेशक श्री अतुल कुमार पाण्डेय ने संस्थान की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार एवं उत्तराखण्ड सरकार के तत्वावधान में, बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा वर्ष 2011 से नैनीताल जनपद में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के स्वरोजगार इच्छुक व्यक्तियों को निःशुल्क एवं आवासीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







