नैनीताल में 6.80 करोड़ की निवेश ठगी का खुलासा, SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी की कार्रवाई में 2 मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

SHARE:

जनपद नैनीताल में जनता को अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ठगी कर फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी नैनीताल द्वारा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) एवं रामनगर में खोली थी। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अधिक ब्याज और गारंटी का लालच देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल सहित कई जनपदों के हजारों लोगों से निवेश कराया गया।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि निवेशकों से लगभग 6 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि एकत्र की गई, जिसे संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) एवं विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गबन कर लिया और फरार हो गए। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गईं और अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन की पुष्टि हुई।
न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ सहित कई स्थानों पर दबिश दी। अंततः दिनांक 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी ठगी और धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की संभावना जताई जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
इस सराहनीय कार्रवाई पर SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
1️⃣ हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल (उम्र 45 वर्ष)
2️⃣ विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी देहरिया, हल्द्वानी, नैनीताल (उम्र 41 वर्ष)
खातों में प्राप्त राशि: ₹2.26 करोड़ एवं ₹4.58 करोड़
गिरफ्तारी टीम
▪️ उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट
▪️ कांस्टेबल आनंदपुरी
▪️ कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट
⚠️ SSP नैनीताल की अपील
एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में न आएं। किसी भी संस्था या निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसके पंजीकरण, वैधानिक स्थिति और प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *