बनभूलपुरा में बैटरी चोरी का बड़ा खुलासा: 4 शातिर चोर गिरफ्तार, 6 ट्रक बैटरियां बरामद

SHARE:

नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में ट्रक बैटरी चोरी की बढ़ती घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को आजाद नगर निवासी जुहैब आलम द्वारा थाना बनभूलपुरा में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनका डम्पर इन्द्रानगर गेट के पास खड़ा था, जिसमें से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आसपास खड़े अन्य वाहनों से भी बैटरियां चोरी हुई थीं। इस पर थाना बनभूलपुरा में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी-पतारसी के साथ-साथ 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। इसके बाद 14 फरवरी 2026 को गौला बाईपास रोड से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गौला नदी क्षेत्र में खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर कई बार बैटरियां चोरी कर चुके हैं। चोरी की गई बैटरियां वे कबाड़ी को बेच देते थे, जबकि कुछ बैटरियां मौका देखकर उठाने के लिए आसपास छिपाकर रखते थे। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की 6 ट्रक बैटरियां तथा चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, तीन अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि कबाड़ी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी एवं अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

 

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *