
चमोली जिले की थराली तहसील के ग्राम रतगाँव निवासी राहुल फरस्वाण ने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय सेना में अधिकारी बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राहुल ने बीते शनिवार को चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) से पासिंग आउट परेड के साथ अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया और लेफ्टिनेंट के रूप में सेना में कमीशन प्राप्त किया।
राहुल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले राहुल ने यह सिद्ध कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और मेहनत के सामने कोई भी बाधा टिक नहीं सकती।
राहुल फरस्वाण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उन्हें कभी हार न मानने की प्रेरणा परिवार से ही मिली। उनकी प्रारंभिक शिक्षा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल से हुई, जबकि उन्होंने उच्च शिक्षा डी.ए.वी. पीजी कॉलेज, देहरादून से प्राप्त की।
भावुक होते हुए राहुल ने बताया कि उनके पिता का छह माह पूर्व निधन हो गया था। उनके दिवंगत पिता ग्राम रतगाँव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे। पिता के जाने के बाद उनकी माता ने खेती-बाड़ी और परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभालते हुए बच्चों की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी।
राहुल के बड़े भाई शिक्षक हैं, जबकि उनकी बहन होटल इंडस्ट्री में कार्यरत हैं। पिता के सपनों को साकार कर राहुल ने पूरे परिवार को गौरवान्वित किया है। भले ही उनके पिता आज इस संसार में नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और संस्कार राहुल की इस उपलब्धि में स्पष्ट रूप से झलकते हैं।
TVNNEWSUTTARAKHAND उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है ।
विजय नारायण त्रिपाठी
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







