मानसून से पहले नदियों की सफाई व बाढ़ सुरक्षा पर प्रशासन अलर्ट, गौला–नंधौर में सिल्ट व भूकटाव रोकने के निर्देश
आगामी मानसून को देखते हुए जनपद नैनीताल में नदियों की सफाई, सिल्ट निकासी, जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था सुदृढ़ करने और भूकटाव रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष रूप से गौला एवं नंधौर नदियों में संभावित बाढ़ जोखिम को कम करने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है।
इसी क्रम में ललित मोहन रयाल ने डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की उपस्थिति में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि खनन सत्र के चलते नंधौर नदी के मुहाने पर सिल्ट व बोल्डर का जमाव हो रहा है, जिससे मानसून में बाढ़ की आशंका बढ़ जाती है। इस पर सिंचाई एवं वन विभाग को समय रहते आकलन कर धरातल पर प्रभावी बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नदी में जमा डिपॉजिट्स को चैनलाइज किया जाए ताकि मूल प्रवाह सुचारू बना रहे।
रिवर ट्रैपिंग पर विशेष फोकस
नंधौर नदी में शीघ्र रिवर ट्रैपिंग शुरू करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि वन विकास निगम की ओर से दो पोकलैंड मशीनें लोक निर्माण विभाग के माध्यम से तथा दो मशीनें खनन न्याय के माध्यम से लगाई जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 अप्रैल से कार्य शुरू कर मानसून से पूर्व पूर्ण किया जाए। इसके लिए सिंचाई, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, वन विकास निगम व वन निगम को संयुक्त निरीक्षण कर त्वरित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि नंधौर और गौला नदियों में बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य वर्षा ऋतु से पहले पूरे हों, ताकि जनहानि व संपत्ति क्षति से बचा जा सके।
स्थानीय मुद्दों पर भी निर्देश
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने बैठक में बाढ़ सुरक्षा के साथ-साथ गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी, व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति, श्रीलंका टापू, मोतीनगर सड़क समेत अन्य स्थानीय समस्याएं उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को लालकुआं क्षेत्र में रसोई गैस की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए सोमवार से रोस्टरवार व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी लालकुआं को अन्य विभागों के साथ समन्वय कर श्रीलंका टापू में शिविर लगाकर संयुक्त निरीक्षण शीघ्र कराने को कहा गया।
गौला में भूकटाव रोकथाम व सड़क चौड़ीकरण
गौला नदी से लालकुआं क्षेत्र में हो रहे भूकटाव की रोकथाम हेतु रिवर ट्रैपिंग व अन्य सुरक्षात्मक कार्यों की अनुमति के लिए शासन को तत्काल पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीबी परियोजना अंतर्गत तीनपानी से मंडी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने का मुद्दा भी उठा। जिलाधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण पहले ही चिह्नित किया जा चुका है और सोमवार से टीम गठित कर संबंधितों की उपस्थिति में पुनः निशान लगाए जाएंगे।

Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................





