विजयपुर मार्ग को मिली 3.87 करोड़ की सौगात, सुखी नदी पर बनेगा कॉजवे; गोलापार क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी
हल्द्वानी। गोलापार क्षेत्र के विजयपुर-पहाड़पानी मार्ग के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से सुखी नदी पर कॉजवे निर्माण और 1.30 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य हेतु 3.87 करोड़ रुपये की धनराशि विभागीय समिति से अनुमोदित हो गई है। जल्द ही शासनादेश (जीओ) जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि विजयपुर क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सड़क और आवागमन संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की इस मांग को प्राथमिकता देते हुए वन विभाग की आवश्यक स्वीकृतियां तथा लोक निर्माण विभाग की सैद्धांतिक एवं वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा पुल निर्माण की मांग भी उठाई गई है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग को प्रारंभिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं और भविष्य में विजयपुर क्षेत्र में पुल निर्माण का कार्य भी कराया जाएगा।
सांसद भट्ट ने बताया कि इससे पहले शेरनाला और सूर्यानाला में भी पुराने कॉजवे के स्थान पर पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसी तर्ज पर विजयपुर क्षेत्र में भी बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क एवं कॉजवे निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विजयपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







