SIR-2026: नैनीताल में मतदाता गणना प्रपत्र वितरण की समीक्षा, अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश
हल्द्वानी, 13 जून 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत जनपद नैनीताल में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण कार्य की समीक्षा करते हुए संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चंद्र दुमका ने अधिकारियों को वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे गणना प्रपत्र वितरण अभियान की अद्यतन प्रगति का आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं तक निर्धारित समय के भीतर गणना प्रपत्र पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराई जाए।
श्री दुमका ने निर्वाचन अधिकारियों, सुपरवाइजरों तथा बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) के बीच सतत समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि यदि वितरण कार्य में किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने ईआरओ एवं एईआरओ को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और कार्य की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुछ बूथ स्तरीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर गणना प्रपत्र वितरण में आ रही चुनौतियों की जानकारी भी ली। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त एपी बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंशा दत्त पांडे, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................






