उत्तराखंड SIR-2026 अपडेट: 75.51 लाख गणना प्रपत्र वितरित, चंपावत प्रथम और नैनीताल ने दर्ज की शानदार प्रगति
देहरादून, 16 जून 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत उत्तराखंड में गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) वितरण अभियान तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मंगलवार शाम 3:58 बजे तक जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्यभर में कुल 79,60,762 मतदाताओं में से 75,51,246 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 94.86 प्रतिशत है।
राज्य में 11,732 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा यह अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलेवार प्रदर्शन में चंपावत ने सबसे बेहतर कार्य करते हुए 99.98 प्रतिशत प्रपत्र वितरण के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं रुद्रप्रयाग (99.63%), अल्मोड़ा (99.40%), पिथौरागढ़ (99.38%) और चमोली (99.32%) भी शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल रहे।
नैनीताल जनपद ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 93.12 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित किए हैं। जिले में कुल 7,65,135 मतदाताओं के सापेक्ष 7,12,531 प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है।
राजधानी देहरादून में अब तक 90.10 प्रतिशत तथा ऊधमसिंह नगर में 92 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं। निर्वाचन विभाग द्वारा शेष मतदाताओं तक भी शीघ्र पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अभियान को लगातार गति दी जा रही है।
निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा रहा है, जिससे आगामी चुनावों में पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







