
हल्द्वानी: गोलापार बाईपास पर कूड़े के ढेर से बढ़ी परेशानी, आखिर कौन डाल रहा कचरा?
हल्द्वानी। गोलापार बाईपास में स्टेडियम से गोला पुल के बीच सड़क किनारे इन दिनों कूड़े का अंबार लगने लगा है। मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ रहे कूड़े के ढेर से क्षेत्र की सुंदरता प्रभावित होने के साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी परेशानी पैदा हो रही है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में जिला पंचायत की ओर से कूड़ा एकत्र करने के लिए वाहन भी पहुंचते हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि सड़क किनारे जमा हो रहा अतिरिक्त कूड़ा आखिर कौन डाल रहा है और इसे यहां डालने की अनुमति किसने दी है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में यह स्थान कूड़ा डंपिंग जोन में तब्दील हो सकता है। प्रशासन और संबंधित विभाग को मामले की जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि यहां खुले में कूड़ा कौन डाल रहा है और उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
गोलापार बाईपास हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रास्ते से बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक पहाड़ी क्षेत्रों की ओर आवाजाही करते हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग पर कूड़े के ढेर उत्तराखंड की छवि को भी प्रभावित कर सकते हैं।
सड़क किनारे जमा कूड़े को तत्काल हटाया जाए, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और खुले में कूड़ा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................


