ज्योलिकोट में जलजनित बीमारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 140 से अधिक लोगों की जांच; PHC 24×7 खुला
नैनीताल, 07 सितंबर 2026। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और स्वास्थ्य सेवाएं तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने सोमवार को ज्योलिकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचाराधीन मरीजों का हाल जाना और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ज्योलिकोट, वीरभट्टी, सरियाताल और छिड़ा क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा क्षेत्र में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों, मरीजों की जांच और स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे सर्वे की समीक्षा की।
140 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 14 के लिए गए ब्लड सैंपल
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, छिड़ा में 20 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 14 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। सरियाताल में 25 लोगों की जांच की गई। वहीं ज्योलिकोट में 95 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ, जिनमें 6 लोगों को उपचार के लिए भर्ती किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ज्योलिकोट PHC 24×7 रहेगा खुला, 108 एंबुलेंस तैनात
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट को 24 घंटे और सातों दिन खुले रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए क्षेत्र में 108 एंबुलेंस की तैनाती की गई है।
आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वे किया जा रहा है। लोगों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ-साथ आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
दस्त, उल्टी या बुखार को नजरअंदाज न करें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि दस्त, उल्टी, बुखार, कमजोरी या पीलिया जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार न करें। ऐसे लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श और जांच कराएं।
इस दौरान नोडल अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया, जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. मनी भूषण पंत, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, डॉ. मोहन भट्ट, डॉ. पल्लवी, नर्सिंग ऑफिसर पूनम, नम्रता, नंदन कांडपाल, दीवान बिष्ट, प्रियंका धोनी एवं दया चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







