
हल्द्वानी छात्र संघ चुनाव को लेकर SSP मंजूनाथ टीसी सख्त, हुड़दंग और अघोषित रैली पर होगी कड़ी कार्रवाई
हल्द्वानी। छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर हल्द्वानी शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया है कि छात्र संघ चुनाव की आड़ में किसी भी तरह की गुटबाजी, हुड़दंग, मारपीट, अघोषित रैली या यातायात व्यवस्था में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दुर्गा सिटी सेंटर के पास छात्रों के दो गुटों में झड़प
देर रात दुर्गा सिटी सेंटर के पास दिल्ली चाट की दुकान के समीप छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प की सूचना पुलिस को मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौके पर मारपीट के साथ कुर्सियां तोड़े जाने तथा हेलमेट और लाठी-डंडों के इस्तेमाल की बात सामने आई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और विवाद के कारणों की जांच कर रही है।
घटना के संबंध में दिल्ली चाट दुकान संचालक की तहरीर पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कैंपस के बाहर कानून सभी के लिए समान
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने छात्र संघ चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों, प्रत्याशियों, छात्र नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव संबंधी गतिविधियां निर्धारित कैंपस सीमा के भीतर ही रहें। कैंपस से बाहर कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होगा।
पुलिस के अनुसार छात्र संघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जा रहा है।
शाम के बाद गुटबाजी और अघोषित रैली पर नजर
पुलिस द्वारा शाम के बाद छात्रों के समूहों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। होटल, रिजॉर्ट, ढाबे और कैफे आदि में समूह बनाकर अड्डेबाजी, वाहनों का समूह बनाकर मिनी रैली या अघोषित रैली निकालने, रैश ड्राइविंग, यातायात बाधित करने अथवा सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
SSP ने कहा कि हल्द्वानी की जनता की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नैनीताल पुलिस ने चुनावी गतिविधियों के दौरान विशेष सतर्कता और निगरानी बढ़ा दी है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







