कैंचीधाम में वीकेंड पर ट्रैफिक-पार्किंग व्यवस्था होगी सख्त, श्रद्धालुओं के लिए होटल बुकिंग जरूरी; शिप्रा नदी में नहाने पर रोक

SHARE:

कैंचीधाम में वीकेंड ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर बैठक करते आयुक्त दीपक रावत एवं अधिकारी

नैनीताल, 6 अक्टूबर 2026। कैंचीधाम में वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीकेंड पर कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे होटल की अग्रिम बुकिंग कराने के बाद ही कैंचीधाम आएं, ताकि क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, सीओ, एआरटीओ और जिला पर्यटन अधिकारी को वीकेंड के दौरान आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को टैक्सी बाइक की नियमित चेकिंग करने तथा विकास भवन पार्किंग और सेनिटोरियम क्षेत्र में विभागीय बूथ स्थापित करने को कहा गया।

कैंचीधाम में ओवररेटिंग पर भी होगी कार्रवाई

कैंचीधाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं से खाद्य एवं पेय पदार्थों के लिए अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों को रोकने के लिए सभी दुकानदारों को रेट लिस्ट प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के नहाने पर रोक लगाने के निर्देश भी जिलाधिकारी को दिए गए। वहीं, कैंचीधाम मंदिर समिति को वीकेंड पर श्रद्धालुओं की संख्या की निगरानी के लिए हेड काउंट कैमरे लगाने को कहा गया है। मंदिर के गेटों को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए 15 दिन के भीतर स्वचालित रूप से खोलने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

बारापत्थर के जाम और सड़कों की स्थिति पर चर्चा

बैठक में नैनीताल के बारापत्थर क्षेत्र में वीकेंड पर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि टोल पास की कम चौड़ाई के कारण जाम की स्थिति बनती है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वीकेंड पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने नैनीताल क्षेत्र की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के भी निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि डामरीकरण और पैचवर्क का कार्य जारी है। मंडलायुक्त ने सभी सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

बैठक में आईजी कुमाऊं नवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, मंदिर समिति, व्यापारी संघ, टैक्सी यूनियन और केमू यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई