
हल्द्वानी जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का बड़ा एक्शन, जमीन धोखाधड़ी पर FIR के निर्देश
हल्द्वानी, 21 नवंबर 2026। हल्द्वानी जनसुनवाई में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने भूमि विवाद, प्लॉट पर कब्जा, पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी, बकाया भुगतान और एमएसएमई सब्सिडी से जुड़ी शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया। शनिवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया और गंभीर मामलों में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि विवादों का समाधान तहसील स्तर पर करने के निर्देश
आयुक्त दीपक रावत ने भूमि विवाद की छोटी-छोटी समस्याएं उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मंडल के सभी उपजिलाधिकारियों और तहसील अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों का निस्तारण तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रयोरी लॉज मामले में जांच और FIR की चेतावनी
नैनीताल शहर के अयारपाटा स्थित प्रयोरी लॉज मामले में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी द्वारा विभागीय आख्या और मूल नक्शा देखे बिना नक्शा सत्यापित किए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। वर्तमान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि मूल अभिलेख कार्यालय में उपलब्ध नहीं हैं। आयुक्त ने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ शासन को भी कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा।
प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी, 9 लाख लौटाने के निर्देश
काशीपुर निवासी बृजेश कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने 9 लाख रुपये में प्लॉट खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज भी हो चुकी थी, लेकिन विक्रेता शमशेर सिंह ने गलत खाते की जमीन बेच दी। आयुक्त ने एक सप्ताह के भीतर दूसरी भूमि देने अथवा 9 लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। संबंधित लेखपाल के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
51 लोगों से जमीन के नाम पर रकम लेने का मामला
किच्छा के जोगा सिंह पर करीब 51 लोगों से जमीन के नाम पर धनराशि लेने और प्लॉट नहीं देने का आरोप सामने आया। आयुक्त ने तहसीलदार किच्छा को जांच के निर्देश दिए। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लैंड फ्रॉड एक्ट में एफआईआर दर्ज कराने को कहा।
जनसुनवाई में पैतृक संपत्ति में हिस्सा दिलाने, जमीन पर कब्जा, चोरी के जेवरात और नकदी वापस दिलाने, वाहन ट्रांसफर तथा सड़क निर्माण का बकाया भुगतान कराने जैसी शिकायतें भी पहुंचीं।
आयुक्त ने अधिकांश मामलों का मौके पर समाधान किया, जबकि शेष लंबित मामलों में दोनों पक्षों को कार्यालय में तलब कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







