खन्स्यु में मेगा विधिक जागरूकता शिविर: न्यायमूर्ति मनोज तिवारी बोले- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे न्याय, 300 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

SHARE:

खन्स्यु विधिक जागरूकता शिविर में न्यायमूर्ति मनोज तिवारी द्वारा अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का संदेश और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ वितरण।

खन्स्यु विधिक जागरूकता शिविर: न्यायमूर्ति मनोज तिवारी बोले- न्याय की वास्तविक सार्थकता तभी है जब वह अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे

खन्स्यु/भीमताल/नैनीताल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से रविवार को तहसील खन्स्यु परिसर में बहुउद्देशीय मेगा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर न्यायमूर्ति मनोज तिवारी ने कहा कि न्याय की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब वह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भौगोलिक दूरी और आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति को उसके अधिकारों एवं न्याय से वंचित नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि NALSA की जागृति स्कीम 2025 तथा शिक्षा, समावेशन और सहायता स्कीम 2026 का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।

उन्होंने बालिका शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बेटियों को भी बेटों के समान शिक्षा के अवसर मिलने चाहिए। कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी, दिव्यांगता अथवा सामाजिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों से सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।

न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल एवं आलोक मेहरा ने कहा कि ज्ञान और न्याय ही सशक्त समाज की नींव हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि विधिक जागरूकता शिविर केवल औपचारिकता बनकर न रह जाएं, बल्कि इनका नियमित फॉलोअप भी किया जाए। वालंटियर्स घर-घर जाकर पात्र लोगों के योजनाओं से संबंधित आवेदन भरवाएं और संबंधित विभागों तक पहुंचाएं।

शिविर में जरूरतमंदों को मिले सहायक उपकरण

शिविर में समाज कल्याण विभाग ने 6 व्हीलचेयर, 33 कान की मशीन और 46 नी-कैप वितरित किए। बाल विकास विभाग ने 4 महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की। मेधावी छात्राओं तथा नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

विभिन्न विभागों के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। आयुर्वेदिक विभाग ने 125 और चिकित्सा विभाग ने 103 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सा विभाग ने 9 दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए। उद्यान विभाग ने 70 किसानों को बीज एवं दवाइयां वितरित कीं। कृषि विभाग ने 12 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और 20 की किसान सम्मान निधि ई-केवाईसी की।

इसके अलावा राजस्व विभाग ने तीन दाखिल-खारिज और एक विरासत का मामला दर्ज किया। पुलिस साइबर सेल ने 45 लोगों को साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी। अन्य विभागों ने भी पेंशन, प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर और सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम में जिला जज प्रशांत जोशी, रजिस्ट्रार जनरल केके शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख केडी रूवाली, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित न्यायिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी, पैरा लीगल वालंटियर्स और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई