गैरसैंण स्थायी राजधानी की मांग को लेकर हल्द्वानी में 36वें दिन भी अनशन जारी, संतोष नेगी ने भरी हुंकार

SHARE:

गैरसैंण स्थायी राजधानी की मांग को लेकर हल्द्वानी बुद्ध पार्क में 36वें दिन अनशन करते आंदोलनकारी।

गैरसैंण स्थायी राजधानी की मांग को लेकर हल्द्वानी बुद्ध पार्क में 36वें दिन अनशन करते आंदोलनकारी।

हल्द्वानी: उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाए जाने की मांग को लेकर हल्द्वानी के बुद्ध पार्क, तिकोनिया में चल रहा अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन 36वें दिन भी जारी रहा। रविवार, 22 नवंबर को समाजसेवी संतोष नेगी ने अनशन पर बैठकर गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग को बुलंद किया।

अनशन के दौरान संतोष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य को हासिल करने के लिए लंबा आंदोलन चला और 43 आंदोलनकारियों ने अपनी शहादत दी। राज्य गठन के पीछे पहाड़ के विकास, अस्तित्व और अस्मिता को सुरक्षित रखने का सपना था, लेकिन आज भी राज्य की परिस्थितियां चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को अपने अधिकारों और पहाड़ के भविष्य के लिए एक बार फिर एकजुट होने की आवश्यकता है।

पहाड़ी आर्मी अध्यक्ष हरीश रावत ने बताया कि पिछले 26 दिनों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग हल्द्वानी के बुद्ध पार्क पहुंचकर इस आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं और अनशन में भागीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन को लगातार मिल रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग अब व्यापक जनआंदोलन का रूप ले रही है।

आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल के सैनिक प्रकोष्ठ के महामंत्री कैप्टन महेश तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण पहाड़ के अस्तित्व, अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था, लेकिन राज्य गठन के वर्षों बाद भी स्थायी राजधानी का सवाल अनसुलझा है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ के खेत, किसान, गांव और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना आवश्यक है। राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों को अब और अधूरा नहीं छोड़ा जाना चाहिए।

इस दौरान आंदोलनकारियों ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से अधिक से अधिक लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहाड़ की पहचान, पलायन, रोजगार और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सभी वर्गों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

इस अवसर पर गोपाल दत्त कमेड़ी, जगदीश ममगाईं, प्रेमा मेर, कविता जीना, नीमा भट्ट, अंजू पांडेय, राजेंद्र कांडपाल, आनंद कन्याल, प्रताप चौहान, तारा पांडेय, मनोज रावत, देवेंद्र सालाकोट, रजत पाटनी, हिमानी पांडे, ज्योतिष्णा पांडे, कार्तिक दास, विनोद घड़ियाल सहित सैकड़ों आंदोलनकारी मौजूद रहे।

गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर जारी यह आंदोलन अब प्रदेश की राजधानी और पहाड़ के भविष्य से जुड़े सवालों को फिर से चर्चा के केंद्र में ला रहा है।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई