बिन्दुखत्ता सांस्कृतिक महोत्सव में CM धामी की बड़ी घोषणाएं, 1000 लोगों की क्षमता वाला बनेगा सांस्कृतिक हॉल

SHARE:

बिन्दुखत्ता सांस्कृतिक महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, 1000 लोगों की क्षमता वाले सांस्कृतिक हॉल की घोषणा करते हुए।

बिन्दुखत्ता सांस्कृतिक महोत्सव में CM धामी की बड़ी घोषणाएं, 1000 लोगों की क्षमता वाला बनेगा सांस्कृतिक हॉल

बिन्दुखत्ता (लालकुआं), 23 नवंबर 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिन्दुखत्ता सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में क्षेत्र के विकास के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता में कम से कम 1000 लोगों के बैठने की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक हॉल बनाने तथा महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित सभी कार्य कराने की घोषणा की।

बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया।

प्रहलाद दा के गीतों में झलकती थी पहाड़ की पीड़ा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ का जनजीवन, महिलाओं का संघर्ष और सामाजिक चेतना दिखाई देती थी। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति प्रेम झलकता है।

उन्होंने कहा कि लोक यानी जनता और थात यानी हमारी विरासत। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

लालकुआं विधानसभा में विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल तैयार हो चुका है। विजयपुर गौला पार में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू किया गया है। बिन्दुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी लगभग 15 साल पुरानी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है। लालकुआं क्षेत्र की बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। गौला और नन्धौर नदी के कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर भी काम जारी है।

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का विषय क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है। वनाधिकार समिति बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ भी इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई और ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई