भीमताल झील का होगा कायाकल्प! SARRA ने कराया चार दिवसीय वैज्ञानिक सर्वेक्षण, गहराई और गाद का होगा आकलन

SHARE:

भीमताल झील का पुनर्जीवन: SARRA द्वारा आधुनिक तकनीक से कराया गया चार दिवसीय बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण

भीमताल झील का होगा कायाकल्प! SARRA ने कराया चार दिवसीय वैज्ञानिक सर्वेक्षण, गहराई और गाद का होगा आकलन

देहरादून/भीमताल। उत्तराखंड की प्रमुख प्राकृतिक झीलों में शामिल भीमताल झील के संरक्षण और पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। भीमताल झील का पुनर्जीवन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA), देहरादून की ओर से 20 से 23 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय विस्तृत वैज्ञानिक बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण पूरा कराया गया। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर कराए गए इस सर्वेक्षण से झील की वास्तविक गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल में जमा गाद की स्थिति का पता लगाया जाएगा।

आधुनिक तकनीक से हुआ झील का सर्वेक्षण

सर्वेक्षण का कार्य रुड़की की मैसर्स जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज के माध्यम से आधुनिक उपकरणों की मदद से कराया गया। इसके लिए मोटर बोट पर इकोसाउंडर उपकरण लगाया गया, जिससे झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी गई। वहीं, DGPS/GNSS तकनीक के माध्यम से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति दर्ज की गई।

सर्वेक्षण में ड्यूल फ्रीक्वेंसी सिंगल बीम इकोसाउंडर और मल्टी-कॉन्स्टेलेशन DGPS/GNSS सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। झील में लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वे ट्रांसेक्ट निर्धारित किए गए, ताकि आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित की जा सके।

झील में जमा गाद और जल भंडारण क्षमता का चलेगा पता

सर्वेक्षण के आधार पर झील की गहराई का नक्शा, क्रॉस-सेक्शन प्रोफाइल, डिजिटल बेड सरफेस और 3D डिजिटल टेरेन मॉडल तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही झील की कुल जल भंडारण क्षमता, सिल्ट कैपेसिटी और एरिया-कैपेसिटी कर्व का भी आकलन होगा।

इससे पता चल सकेगा कि झील के किन हिस्सों में सबसे अधिक गाद जमा है और उसकी निकासी यानी ड्रेजिंग की कितनी संभावनाएं हैं।

वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर बनेगी पुनर्जीवन की कार्ययोजना

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सर्वेक्षण का उद्देश्य भीमताल झील की वास्तविक स्थिति का वैज्ञानिक आकलन कर उसके संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना है।

सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर गाद निकासी की व्यवहार्यता और झील की जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने की संभावनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इस पहल से भीमताल झील के दीर्घकालिक संरक्षण के साथ स्थानीय पर्यावरण, पर्यटन और क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई