डॉ० मंजूनाथ टी०सी० का सख्त संदेश: ड्यूटी में लापरवाही और नशा बर्दाश्त नहीं, 42 पुलिसकर्मी सम्मानित

SHARE:

डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने पुलिस लाइन नैनीताल में की अपराध समीक्षा गोष्ठी
ड्यूटी में लापरवाही और नशा बर्दाश्त नहीं, जवाबदेही होगी तय

जनपद नैनीताल में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने एवं पुलिसिंग को आधुनिक स्वरूप देने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन नैनीताल सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने की।
गोष्ठी से पूर्व आयोजित कर्मचारी सम्मेलन में एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत व विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
SSP के सख्त निर्देश, ‘टोका-टोकी’ रणनीति लागू
अपराध समीक्षा के दौरान एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और नशे के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने सक्रिय पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए रात्रि गश्त के दौरान ‘टोका-टोकी’ रणनीति को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
रात्रि 11 बजे बाद दुकानें बंद, अराजक तत्वों पर सख्ती
एसएसपी ने निर्देश दिए कि रात्रि 11:00 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में दुकानें खुली न रहें। शराब पीकर उत्पात मचाने वाले, अनावश्यक घूमने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके लिए स्थानीय व्यापार मंडलों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
डिजिटल पुलिसिंग पर जोर, ई-बीट बुक अनिवार्य
पुलिसिंग को हाई-टेक बनाने की दिशा में सभी पुलिसकर्मियों के लिए ई-बीट बुक ऐप को अनिवार्य कर दिया गया है। प्रत्येक हेड कांस्टेबल को इसी माध्यम से डाटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, ASI व उससे ऊपर के अधिकारियों को डिजिटल साक्ष्यों के लिए ई-साक्ष्य आईडी का उपयोग अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।
नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के निर्देश
नशे के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए एसएसपी ने नशा तस्करों की पूरी सप्लाई चेन तोड़ने के निर्देश दिए। चिन्हित तस्करों के खिलाफ व्यापक धरपकड़ अभियान चलाने और अवैध नेटवर्क को जड़ से खत्म करने पर जोर दिया गया।
पुराने अपराधियों पर निगरानी, गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
सभी क्षेत्राधिकारियों को पुराने और आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनकी नियमित निगरानी, परेड एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकतानुसार गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ BNSS की धारा 126/135 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ड्यूटी में नशा पूरी तरह प्रतिबंधित
ड्यूटी के दौरान वर्दी की मर्यादा सर्वोपरि बताते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि समय-समय पर एल्कोमीटर से चेकिंग की जाए। नशे की पुष्टि होने पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
CCTNS कार्य अनिवार्य
सभी थानों को CCTNS पर शत-प्रतिशत ऑनलाइन कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
42 पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 42 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
गोष्ठी में एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी, एसपी संचार, सभी सीओ, संयुक्त निदेशक (विधि), डीजीसी क्राइम, अग्निशमन, यातायात, सीपीयू, पीएसी, SDRF सहित जनपद के सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *