रानीबाग गुलाब घाटी जाम से मिलेगी राहत, 18.23 करोड़ की अमृतपुर बायपास परियोजना का निर्माण शुरू
हल्द्वानी। रानीबाग गुलाब घाटी क्षेत्र में वर्षों से लगने वाले यातायात जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सांसद अजय भट्ट ने बताया कि गौला पुल काठगोदाम के हनुमानगढ़ी से अमृतपुर तक प्रस्तावित बायपास सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। परियोजना के तहत सड़क कटान का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
सांसद अजय भट्ट के अनुसार, 18 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना में सड़क कटिंग पर 6 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कार्य दो चरणों में लगभग नौ माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना के दूसरे चरण में 11 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से गौला नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा। बायपास और पुल बनने के बाद रानीबाग गुलाब घाटी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय विकास को नई गति देने के साथ-साथ काठगोदाम, रानीबाग और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाएगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................






