UKSSSC परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, सोशल मीडिया से लेकर परीक्षा केंद्रों तक कड़ी निगरानी
नैनीताल। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद के सभी 57 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस परीक्षा में कुल 23,483 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं।
इसके अलावा, पूर्व में प्रतियोगी परीक्षाओं में संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों की निगरानी और सत्यापन किया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं को रोका जा सके।
नैनीताल पुलिस ने चेतावनी दी है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने, नकल कराने, पेपर लीक संबंधी अफवाह फैलाने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................






