NEET री-एग्जाम पर नैनीताल पुलिस का सख्त पहरा, SSP मंजूनाथ टी.सी. ने खुद संभाली कमान
हल्द्वानी, 21 जून 2026। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET पुनर्परीक्षा 2026 को नैनीताल जनपद में कड़े सुरक्षा प्रबंधों और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
SSP मंजूनाथ टी.सी. ने एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी, खालसा नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज राजपुरा सहित कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और CAPF की तैनाती की गई है। परीक्षार्थियों की DFMD और HHMD के माध्यम से सघन फ्रिस्किंग की जा रही है। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
नैनीताल पुलिस की एलआईयू, साइबर सेल और एसओजी टीम लगातार सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। परीक्षा केंद्रों के भीतर और आसपास CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
SSP मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नैनीताल पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ परीक्षा को सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................






