
नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन: जिलेभर में तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर सीज, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
नैनीताल पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ जिलेभर में व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, आवासीय क्षेत्रों, वाणिज्यिक क्षेत्रों और साइलेंट जोन में तेज आवाज वाले लाउडस्पीकरों एवं एम्पलीफायर की जांच की जा रही है।
अभियान के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले कई ध्वनि विस्तारक यंत्रों को सीज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति अथवा निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि स्तर पर लाउडस्पीकर का उपयोग करने वालों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम तथा अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान सुप्रीम कोर्ट, उत्तराखण्ड हाईकोर्ट और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया जा रहा है। पुलिस लोगों को ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक भी कर रही है, ताकि जनपद में शांतिपूर्ण और स्वस्थ वातावरण बनाए रखा जा सके।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................


