पीली कोठी चौराहे पर देर रात मची भगदड़ से हड़कंप, पुलिस ने 20 लोगों को दबोचा; ₹10 हजार का जुर्माना

SHARE:

पीली कोठी चौराहे पर देर रात मची भगदड़ से हड़कंप, पुलिस ने 20 लोगों को दबोचा; ₹10 हजार का जुर्माना

हल्द्वानी। थाना मुखानी क्षेत्र के पीली कोठी चौराहे के पास 6 अगस्त की देर रात दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद के बाद सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू की।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने अधीनस्थ अधिकारियों को घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा थाना मुखानी प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल 20 व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत 20 व्यक्तियों का चालान करते हुए कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर भी प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान यदि मारपीट अथवा किसी अन्य दंडनीय तथ्य का खुलासा होता है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें और अफवाह, विवाद या हुड़दंग जैसी स्थिति पैदा करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे ज्यादा पड़ गई