नैनीताल, 19 सितंबर 2026। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका परिषद नैनीताल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नैनीताल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों की वार्डवार जांच कर उनकी स्थिति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।
सभी स्ट्रीट लाइटों का वार्डवार तैयार होगा विवरण
कुमाऊँ आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगर पालिका क्षेत्र में स्थापित सभी स्ट्रीट लाइटों का वार्डवार विवरण तैयार किया जाए। इसमें प्रत्येक वार्ड में कुल कितनी स्ट्रीट लाइटें स्थापित हैं, कितनी लाइटें वर्तमान में सुचारू रूप से संचालित हैं और कितनी खराब हैं, इसका स्पष्ट विवरण दर्ज किया जाएगा।
इसके साथ ही खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के लिए की गई कार्रवाई का भी वार्डवार रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
रोजाना होगा वार्डों का निरीक्षण
आयुक्त दीपक रावत ने प्रत्येक दिन की कार्ययोजना तैयार कर नगर पालिका परिषद के दो कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। दोनों कार्मिक प्रतिदिन वाहन के माध्यम से नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करेंगे और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जांच करेंगे।
निरीक्षण के दौरान वार्डवार कितनी स्ट्रीट लाइटें खराब मिलीं और उनमें से कितनी लाइटों को ठीक कराया गया, इसका विवरण प्रतिदिन तैयार किया जाएगा।
खराब स्ट्रीट लाइटों को प्राथमिकता से ठीक करने के निर्देश
कुमाऊँ आयुक्त ने कहा कि शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नियमित रूप से क्रियाशील रहना आवश्यक है, ताकि नागरिकों को रात के समय आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा खराब लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रतिदिन की जांच और मरम्मत संबंधी रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इस व्यवस्था के माध्यम से नैनीताल शहर में स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की नियमित निगरानी और खराब लाइटों के त्वरित सुधार पर जोर दिया जा रहा है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







