
हल्द्वानी में सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत की समीक्षा बैठक, NPA वसूली और वित्तीय समावेशन पर सख्त निर्देश
हल्द्वानी, 30 सितंबर 2026। उत्तराखण्ड के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में बुधवार को उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, हल्द्वानी के मुख्यालय सभागार में सहकारिता विभाग, प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अन्न भंडारण योजना, वित्तीय समावेशन, एनपीए प्रबंधन, शाखा विस्तार और किसान कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अन्न भंडारण योजना की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश
सहकारिता मंत्री ने अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत लंबित औपचारिकताओं को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही पैक्स समितियों के डिजिटलीकरण और दैनिक संचालन की भी समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि अल्मोड़ा जनपद की 74 पैक्स समितियों में से 63 में डायनमिक डे-एंड का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं बागेश्वर की 9 समितियों तथा चम्पावत जनपद की सभी समितियों में शत-प्रतिशत डे-एंड का कार्य पूरा किया जा चुका है।
प्रत्येक विकासखंड में लगेंगे दो वित्तीय समावेशन मेले
ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए जिला सहकारी बैंकों की प्रस्तावित नई शाखाओं को जल्द खोलने के निर्देश दिए गए। बैंक शाखाओं में एकरूप साइन-बोर्ड, आंतरिक साज-सज्जा, आधुनिक स्वरूप और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार पर भी जोर दिया गया।
वित्तीय समावेशन को गति देने के लिए प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में दो-दो विशेष वित्तीय समावेशन मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नए बचत खाते खोलने और स्वयं सहायता समूहों को सुलभ ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
NPA वसूली और नए ऋणों की निगरानी पर जोर
सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए सहकारिता मंत्री ने एनपीए की त्वरित वसूली सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही नए स्वीकृत और वितरित ऋणों की नियमित एवं सघन निगरानी करने को कहा गया, ताकि भविष्य में एनपीए पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
मंत्री ने अधिकारियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में सहकारिता विभाग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। उन्होंने किसानों, काश्तकारों और आम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







