नैनीताल पुलिस साइबर जागरूकता अभियान: हल्द्वानी में लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय

SHARE:

नैनीताल पुलिस साइबर जागरूकता अभियान के तहत हल्द्वानी में लोगों को साइबर ठगी से बचने की जानकारी देते पुलिसकर्मी

नैनीताल पुलिस साइबर जागरूकता अभियान: हल्द्वानी में लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय

हल्द्वानी, उत्तराखंड। नैनीताल पुलिस साइबर जागरूकता अभियान के तहत जिले में लोगों को साइबर अपराधों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने मुखानी, लालकुआं, काठगोदाम और हल्द्वानी क्षेत्र के साथ ही तल्लीताल के पंत पार्क में आयोजित रामलीला के दौरान स्थानीय नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी।

Cyber Saathi अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम

साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत “Cyber Saathi – A Joint Awareness Initiative” के तहत साइबर क्राइम सेल नैनीताल और संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी देना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है।

ऑनलाइन ठगी के इन तरीकों से रहें सावधान

अभियान के दौरान लोगों को फर्जी ऑनलाइन जॉब ऑफर, पार्ट-टाइम नौकरी के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन गेमिंग और रिवॉर्ड स्कैम के बारे में बताया गया। इसके अलावा फर्जी निवेश एवं ट्रेडिंग योजनाओं, UPI और QR कोड के जरिए धोखाधड़ी, फिशिंग लिंक, संदिग्ध वेबसाइट और ऐप से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क किया गया।

पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर पैसे ऐंठने और OTP, PIN, CVV जैसी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करके ठगी करने वाले अपराधियों के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत

पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों के विश्वास, लालच, भय और जल्दबाजी का फायदा उठाते हैं। इसलिए किसी अनजान कॉल, संदिग्ध मैसेज, लिंक या निवेश योजना पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करना चाहिए। अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए और अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचना चाहिए।

यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। ऑनलाइन शिकायत भारत सरकार के आधिकारिक राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी दर्ज की जा सकती है।

नैनीताल पुलिस का यह अभियान आमजन और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

स्रोत: मीडिया सेल, नैनीताल पुलिस

TVN News Uttarakhannd

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई