
नैनीताल। भारत निर्वाचन आयोग ने जनपद नैनीताल की नैनीताल मतदान स्थल सूची में बड़े बदलावों को मंजूरी दे दी है। जिले के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों – 56-लालकुआं, 57-भीमताल, 58-नैनीताल (अ.जा.), 59-हल्द्वानी, 60-कालाढूंगी और 61-रामनगर के मतदान स्थलों के वर्तमान भवन जीर्ण-शीर्ण होने, विद्यालय के उच्चीकरण, मतदान स्थल भवन के नाम से परिवर्तन/संशोधन, कुल ग्राम, वार्ड, मुहल्ले और अनुभाग आदि प्रस्तावों पर आयोग ने अनुमोदन प्रदान किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी, नैनीताल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार जिले में कुल 1068 मतदान स्थल हैं। इनमें लालकुआं में 159, भीमताल में 163, नैनीताल (अ.जा.) में 170, हल्द्वानी में 188, कालाढूंगी में 232 और रामनगर में 156 मतदान स्थल शामिल हैं।
कहां-कहां हुआ बदलाव?
भवन जीर्ण-शीर्ण होने पर बदलाव
मतदान स्थल के वर्तमान भवन के जीर्ण-शीर्ण होने के कारण कई बूथों को अन्य शासकीय भवन में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। इसमें लालकुआं में 1, हल्द्वानी में 3 और रामनगर में 2 प्रस्ताव शामिल हैं।
विद्यालय उच्चीकरण और नाम परिवर्तन
विद्यालय के उच्चीकरण एवं मतदान स्थल भवन के नाम से परिवर्तन/संशोधन के कुल 12 प्रस्ताव स्वीकृत हुए हैं। सबसे अधिक कालाढूंगी में 6, हल्द्वानी में 5 और रामनगर में 1 प्रस्ताव को मंजूरी मिली है
अनुभाग और मतदाताओं की सुविधा
वर्तमान मतदान स्थल भवन से संबंधित शिक्षण संस्थान के उच्चीकरण एवं भवन परिवर्तन के नाम से परिवर्तन के कुल 2 प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए हैं।
अपनी नई सूची ऐसे देखें
जिला निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि मतदान स्थलों की संशोधित सूची जिला निर्वाचन कार्यालय नैनीताल की विभागीय वेबसाइट DEO Portal https://nainital.nic.in/deo-portal पर सर्वसाधारण की जानकारी के लिए उपलब्ध है। मतदाताओं से अपील है कि वे चुनाव से पहले अपना मतदान केंद्र अवश्य चेक कर लें, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।
यह आदेश 09 नवंबर, 2026 को जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी, नैनीताल द्वारा जारी किया गया है। इसकी प्रति सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, सांसदों, विधायकों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड और जिले के सभी अधिकारियों को भेजी गई है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







