रामनगर में महिला की निर्मम हत्या का खुलासा, 3 हत्यारे गिरफ्तार – सीसीटीवी से खुला राज

SHARE:

रामनगर में महिला की निर्मम हत्या का खुलासा, 3 हत्यारे गिरफ्तार

रामनगर। रामनगर में महिला की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुरानी रंजिश और बदले की भावना में की गई इस जघन्य वारदात में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज ने इस पूरे हत्याकांड का राज खोल दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में रामनगर पुलिस और एसओजी की टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की है।

दिनांक 10-11-2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम किशनपुर छोई में त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, उम्र 56 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई।

घटनास्थल पर मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन किया और शव को पंचायतनामा व पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026, धारा 332(सी)/103(1)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में वाहन से उसके शव को घटनास्थल के पास फेंकते हुए दिखाई दिए।

जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या कर दी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य अभियुक्त मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य दो अभियुक्तों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे फरार होने की फिराक में थे।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 3 डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN6012 व मृतका की पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

गिरफ्तार अभियुक्त:
1. मोहित फर्त्याल (32) पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, रामनगर 2. सैरान (21) पुत्र मुरसलीन, निवासी खताड़ी, रामनगर 3. मो. अब्बूजर (22) पुत्र मो. विलाल, निवासी खताड़ी, रामनगर

TVN News Uttarakhand
Author: TVN News Uttarakhand

......................................................................

सबसे ज्यादा पड़ गई