
ऑपरेशन प्रहार में कालाढूंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्मैक तस्कर और शातिर चोर गिरफ्तार
कालाढूंगी। जनपद नैनीताल में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कालाढूंगी पुलिस को दो बड़ी सफलताएं मिली हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में एक स्मैक तस्कर और एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में 08 मई 2026 को प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम कालाढूंगी-नैनीताल रोड स्थित सुमन आनंद गेस्ट हाउस के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आदित्य श्रीधर काण्डपाल निवासी तल्लीताल नैनीताल बताया। तलाशी में उसके कब्जे से 4.61 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरे मामले में 07 मई 2026 को कालाढूंगी निवासी गंगाराम ने घर से नगदी और मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। करीब 50 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र सिंह राणा को कोटाबाग रोड वन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी रकम और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







