नैनीताल पुलिस का मेगा एक्शन: रैश ड्राइविंग, नो पार्किंग और ब्लैक फिल्म वालों पर टूटा कहर, 253 वाहन चालान
जनपद नैनीताल में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार एवं लगाम’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 253 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र एवं एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण में जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई नो पार्किंग और गलत नंबर प्लेट वाले वाहनों पर की गई। पुलिस ने 71 वाहनों का नो पार्किंग में चालान किया, जबकि 52 वाहनों पर गलत नंबर प्लेट और संदिग्ध पाए जाने पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा 32 वाहन रैश ड्राइविंग में पकड़े गए और 11 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस ने बताया कि कुल ₹40,500 का संयोजन शुल्क वसूला गया, जबकि 156 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए। बिना नंबर प्लेट के चल रहे 8 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान वाहनों पर लगी प्रतिबंधित काली फिल्म को मौके पर हटवाया गया। वहीं ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ एल्कोमीटर से चेकिंग कर नशे में वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसा गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना पुलिस की प्राथमिकता है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................






