ओखलकांडा दौरे पर मंत्री राम सिंह कैड़ा: ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
भीमताल/ओखलकांडा। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा विकासखंड के मटेला, कौड़ार, पस्या, नाई, भीड़ापानी, कचलाकोट, सुनकोट, गुरना और भेटी सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष बिजली, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। मंत्री कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
भीड़ापानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री ने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं और पाइपलाइन निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत शीघ्र कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए लगातार क्षेत्रीय भ्रमण कर जनता से सीधे संवाद किया जा रहा है।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







