राज्यपाल ने एरीज के वैज्ञानिक कार्यों को सराहा, पर्वतीय क्षेत्रों में विज्ञान जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर
नैनीताल, 03 जून 2026। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने बुधवार को लोक भवन, नैनीताल में आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के निदेशक प्रो. मनीष नजा एवं रजिस्ट्रार मोहित जोशी से मुलाकात कर संस्थान की वैज्ञानिक, शैक्षणिक और जन-जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली।
बैठक के दौरान राज्यपाल ने एरीज द्वारा विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष आउटरीच कार्यक्रम संचालित किए जाने चाहिए। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों और स्थानीय समुदायों के साथ संस्थान की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने एरीज में शुरू होने वाली नई वैज्ञानिक परियोजनाओं और भावी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए विश्वास जताया कि संस्थान विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रो. मनीष नजा ने देवस्थल परिसर में स्थापित अत्याधुनिक दूरबीनों, खगोल विज्ञान, खगोल भौतिकी एवं वायुमंडलीय विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे शोध कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने इसरो, डीआरडीओ और बीईएल जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ हुए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) तथा उनसे प्राप्त वैज्ञानिक उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







