विश्व पर्यावरण दिवस पर भीमताल में हरित क्रांति, मुख्यमंत्री धामी लगाएंगे 3000 बोगनवेलिया पौधे
भीमताल, 03 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भीमताल प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के विशेष आयोजन के तहत भीमताल क्षेत्र में लगभग 3000 बोगनवेलिया पौधों का रोपण किया जाएगा। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और हरित वातावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने उद्यान विभाग को पौधारोपण की तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने तथा पौधों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम को सफल और गरिमामय बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को पौधारोपण स्थल, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा सके।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







