नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 200 प्रतिबंधित गोलियों के साथ आरोपी दबोचा
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 अवैध नशीली अल्प्राजोलम (Alprazolam) गोलियों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना बनभूलपुरा पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को गौला बाईपास स्थित यात्री शेड के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान नसीम अहमद (40 वर्ष) निवासी बनभूलपुरा को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 200 नशीली अल्प्राजोलम गोलियां बरामद हुईं।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 93/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, कांस्टेबल दिलशाद अहमद और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Author: TVN News Uttarakhand
......................................................................







